2023-10-19

बारिश बनी आफत! थल-मुनस्यारी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज टूटा, आवागमन ठप

पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बारिश एक बार फिर मुसीबत बनी है. पिथौरागढ़ थल मुनस्यारी मोटर मार्ग हरड़िया नाले के पास बंद हो गया है. दरअसल भारी बारिश में बाद नाचनी से मुनस्यारी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज मलबा आने से पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुका है. इस वजह से थल के रास्ते मुनस्यारी का आवागमन एक बार फिर बंदहो गया है. वहीं, मार्ग बंद होने से मुनस्यारी जाने वाले वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए हैं.

बता दें कि मुनस्यारी और धारचुला में इस बार बारिश कहर बनकर आयी है. जबकि कुछ समय पहले ही मुनस्यारी को जोड़ने वाला यह मार्ग यातायात के लिए सुचारू हुआ था, लेकिन इन इलाकों में लगातार बारिश के चलते भारी मलबा आने से ब्रिज टूट चुका है. अब मुनस्यारी को जाने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मदकोट जौलजीबी के रास्ते जाना होगा.